Jaunpur News: पत्रकारों के हेल्थ कार्ड, पेंशन योजना एवं कल्याणकारी मुद्दों पर हुई चर्चा

 नया सवेरा नेटवर्क

जौनपुर। जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला स्तरीय स्थायी समिति सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार देर सायं जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में समिति के पदेन सदस्य पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सीओ सिटी सहित समिति के सदस्य मीडिया प्रतिनिधिगण ने सहभागिता किया। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने बैठक के दौरान समिति के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं तथा प्रशासन और आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के मध्य सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया।

बैठक में प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के विचार एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि सोशल मीडिया (यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य प्लेटफॉर्म) पर प्रसारित होने वाली खबरों के संबंध में सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी समाचार अथवा जानकारी को साझा करने से पूर्व उसके तथ्यों का यथासंभव सत्यापन कर लिया जाए। भ्रामक अथवा तथ्यहीन सूचनाओं के प्रसार को रोकने में प्रशासन का सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त ऐसे सोशल मीडिया चैनल/अकाउंट, जो बिना पंजीकरण अथवा अनुचित उद्देश्य से किसी व्यक्ति की छवि को प्रभावित करने वाली खबरें प्रसारित करते हैं, उनके संबंध में उक्त चैनल/अकाउंट को चिन्हांकन किए जाने के निर्देश भी दिए गए। 

इसके साथ ही शासन एवं प्रशासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं जनहितकारी अभियानों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए हेल्थ कार्ड जारी किए जाने, वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ प्रदान किए जाने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े अन्य विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ तथा नियमसार कार्यवाही के निर्देश जिला सूचना अधिकारी को दिए गए। इसके साथ ही मीडिया प्रतिनिधिगण द्वारा यातायात की समस्या, अतिक्रमण, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध किए जाने सहित सहित अन्य समस्याएं उठाई गई।      

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंचार माध्यमों के सहयोग से शासन की योजनाओं एवं नीतियों को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाया जा सकता है। बैठक में स्थानीय एवं समसामयिक विषयों पर भी विचार साझा किए गए तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संवाद व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक का समन्वय जिला सूचना अधिकारी/सचिव जिला स्तरीय स्थायी समिति, जौनपुर द्वारा किया गया।


Admissions Open 2026–27 Mount Litera Zee School  Location Fatehganj, Jaunpur – 222132  Call Us +91 7311171181, +91 7311171182
विज्ञापन


Admission Open - Session 2026-27 - Nursery to IX & XI - Streams Available Maths, Bio, Commerce & Humanities  Admission form Available At the School Office  D.B.S. Inter College (10+2) Affiliated  Kadipur, Ramdayalganj, Jaunpur  Affiliation No. 2131740 to CBSE New Dehli  Contact-9956972861, 9956973761   Naya Savera Network
विज्ञापन

Post a Comment

0 Comments