जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव के जनसम्पर्क अधिकारी इं. कृष्ण कुमार जायसवाल उर्फ मुन्नू द्वारा अपने पद से इस्तीफा दिये जाने की चर्चा इस समय तेजी से चल रही है। इसको लेकर तरह—तरह के कयास लगाये जा रहे हैं जिस पर सम्बन्धित लोगों के अलग—अलग बयान भी सामने आ रहे हैं। चर्चाओं एवं सूत्रों की मानें तो मंत्री जी के पीआरओ रहे श्री जायसवाल द्वारा पिछले सप्ताह ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया गया है लेकिन इस पर किसी भी जिम्मेदार द्वारा कुछ कहा नहीं जा रहा है।
फिलहाल श्री जायसवाल के इस्तीफे को लेकर मंत्री जी के कार्यालय से लेकर पार्टीजनों के अलावा जनपद से लेकर राजधानी के राजनीतिक गलियारों में तरह—तरह की बात कही जा रही है। बता दें कि श्री जायसवाल पिछले 3 दशक से अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं भारतीय जनता पार्टी की सेवा करते हुये नगर पालिका/पंचायत, विधानसभा, लोकसभा चुनाव में बढ़—चढ़कर हिस्सा ले चुके हैं। खेतासराय कस्बे के मूल निवासी श्री जायसवाल जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट के बगल में रहते हैं।श्री जायसवाल भारतीय जनता युवा पार्टी के जिला महामंत्री, मण्डल प्रभारी, विधानसभा प्रभारी/संयोजक, मंत्री जी के मुख्य चुनाव अभिकर्ता, क्षेत्रीय महामंत्री सहित अन्य पदों पर रह चुके हैं। साथ ही खेतासराय में स्थित एक इण्टर कालेज के प्रबन्धक के अलावा तमाम सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से जुड़े हैं।
0 Comments