जौनपुर। जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र तथा पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह ने नगर के टी.डी. कॉलेज, बीआरपी इंटर कॉलेज, मोहम्मद हसन इंटर कॉलेज, पूर्वांचल विश्वविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 परीक्षा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराए जाने हेतु परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे एवं आवश्यक व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में जानकारी लिया।
बता दें कि परीक्षा हेतु जनपद में कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। परीक्षा 14 मार्च एवं 15 मार्च को प्रत्येक दिन दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा के सफल संचालन के लिये जनपद में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 19 केंद्र व्यवस्थापक एवं लगभग 700 कक्ष निरीक्षक की तैनाती गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारीद्वय ने बताया कि परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन के लिए विगत कई दिनों से व्यापक तैयारियां की जा रही थीं जिसके परिणामस्वरूप जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराया जा रहा है। इस अवसर पर आईपीएस गोल्डी गुप्ता सहित तमाम प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments