बक्शा, जौनपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को स्थानीय ब्लाक सभागार में 'नव निर्माण के नौ वर्ष' कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण विकास के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी शुभम बरनवाल एवं संचालन एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव एवं केशरी प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। एडीओ आरडी संजय श्रीवास्तव ने सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के लाभों को विस्तार से बताया। साथ ही कहा कि सरकार चाहती है कि समस्त राशनकार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूह से जोड़ा जाय, ताकि उनकी आर्थिक उन्नति कर कार्डधारकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाया जा सके।श्री श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, मनरेगा जैसी योजनाओं की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुँची है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास और सुशासन की नई दिशा प्राप्त की है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे बीडीओ शुभम बरनवाल ने कहा कि सरकार की योजनाओं ने शोषित, वंचित और ग्रामीण वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया है। वहीं एडीओ एजी अनुराग सिंह ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और पीएम कुसुम योजना के माध्यम से किसानों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर प्रकाश डाला। ग्राम पंचायत अधिकारी महेश तिवारी ने पीएम सूर्यघर योजना के लाभों की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का आकर्षण उस समय चरम पर पहुँच गया जब केशरी प्रसाद ने "यूपी बेमिसाल बा, आज पूरा भईले नौ साल बा" गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भाव—विभोर कर दिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत अधिकारी अमित यादव, श्रीपति मौर्य, ब्लॉक मिशन प्रबंधक जहेंद्र यादव, अंकुर मालवीय, रवि प्रकाश, रामपति यादव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।
0 Comments