होनहार बच्चों, महिला पदाधिकारियों और मंडल कार्यकर्ताओं को किया गया सम्मानित, समाज की एकजुटता, शिक्षा और जरूरतमंदों की मदद का लिया संकल्प
नया सवेरा नेटवर्क
वाराणसी। रोहनिया स्थित गोकुलधाम रिसॉर्ट में शनिवार शाम 6 बजे संयुक्त श्रीमाली महासभा का तृतीय स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। समारोह का शुभारंभ मां शीतला मातारानी एवं महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान श्रीमाली समाज के शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार बच्चों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही संगठन से जुड़ी महिला पदाधिकारियों और विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं को भी वरिष्ठ अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन देना महासभा की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर अपना दल के प्रदेश सचिव पप्पू श्रीमाली ने कहा कि संयुक्त श्रीमाली महासभा की स्थापना का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करना और उन्हें संगठन से जोड़ना है। विशेष रूप से शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे युवाओं को प्रोत्साहित कर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के युवा शिक्षित और आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी समाज की वास्तविक उन्नति संभव होगी। संगठन आने वाले समय में भी प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
श्रीमाली महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष छोटेलाल श्रीमाली ने संगठन की सामाजिक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महासभा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक परिवार के सुख-दुख में साथ खड़े रहने का माध्यम है। समाज में किसी भी बहन-बेटी के विवाह का अवसर हो अथवा कोई परिवार बीमारी या आर्थिक संकट से परेशान हो, संगठन सूचना मिलने पर उसकी मदद के लिए आगे आता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और असहाय परिवारों की सहायता करना संगठन की जिम्मेदारी है। महासभा की ओर से सामूहिक विवाह जैसे बड़े सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भी समाज के परिवारों को सहयोग प्रदान किया जाता है। संगठन का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार स्वयं को अकेला महसूस न करे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्य लोगों का संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मान किया गया। समारोह में सामाजिक एकता, शिक्षा, युवाओं के प्रोत्साहन और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए संगठन की भूमिका को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय संयोजक एवं कार्यक्रम आयोजक राजेश श्रीमाली (गोकुलधाम), युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक संतोष सैनी, राष्ट्रीय संरक्षक पप्पू माली, राष्ट्रीय संरक्षक ओम नारायण माली (गाजीपुर) सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाज के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज सैनी ने किया। समारोह का समापन समाज की एकजुटता और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष बने मनीष यादव, देव नारायण पाल बने जिला मंत्री
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
