1733 स्थानों पर साफ-सफाई, 380 मोहल्लों में फॉगिंग; स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
नया सवेरा नेटवर्क
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पंचायती राज विभाग ने अब तक 1733 स्थानों पर साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और कूड़ा निस्तारण कराया है। वहीं, 1688 स्थानों पर नालियों की सफाई, जल निकासी और एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव किया गया। इसके अलावा 33 उथले हैंडपंपों को चिह्नित किया गया तथा 192 इंडिया मार्का-2 हैंडपंपों के प्लेटफॉर्म की मरम्मत कराई गई।
380 मोहल्लों में कराई गई फॉगिंग
नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से अब तक 18,196 नालियों की सफाई और कूड़ा-कचरा निस्तारण कराया गया है। इसके साथ ही 380 मोहल्लों में फॉगिंग और एंटी लार्वा रसायन का छिड़काव किया गया। पशुपालन विभाग ने 154 गोष्ठियों के माध्यम से 329 सूकर पालकों को साफ-सफाई, मच्छररोधी जाली लगाने और सूकरों को मानव आबादी से दूर रखने के प्रति जागरूक किया।
कृषि विभाग ने 780 कृषक गोष्ठियों के जरिए किसानों को स्क्रब टायफस और लेप्टोस्पायरोसिस जैसी बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। शिक्षा विभाग की ओर से 2184 जनजागरूकता गोष्ठियां और रैलियां आयोजित की गईं। साथ ही 98,708 प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को संचारी रोगों से बचाव की शपथ दिलाई गई।
45,998 घरों में मच्छरों के प्रजनन स्रोत नष्ट
स्वास्थ्य विभाग ने 45,998 घरों में मच्छरों के प्रजनन स्रोतों को चिह्नित कर नष्ट कराया। सर्वे के दौरान बुखार के लक्षण वाले 179 मरीजों की डेंगू और मलेरिया जांच कराई गई, जिनमें कोई भी मरीज पॉजिटिव नहीं मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बताया कि डेंगू, चिकुनगुनिया, मलेरिया सहित अन्य संक्रामक बीमारियों की जांच और उपचार के लिए आवश्यक दवाएं, जांच किट और उपकरण सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में निःशुल्क उपलब्ध हैं। जिला चिकित्सालय में डेंगू के मरीजों के लिए अलग वार्ड, एलाइजा जांच मशीन, ब्लड कंपोनेंट सेपरेटर मशीन और प्लेटलेट्स की भी निःशुल्क व्यवस्था है।
बुखार होने पर तत्काल कराएं जांच
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि जिले में अभी भी डेंगू और मलेरिया के मरीज मिल रहे हैं। उन्होंने लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने, जलजमाव रोकने, कूलर, गमले और फ्रिज की ट्रे का पानी सप्ताह में एक बार बदलने तथा पानी की टंकियों को ढककर रखने की अपील की। उन्होंने पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी। बुखार होने पर लोगों से तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क जांच और उपचार कराने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: सांसद सीमा द्विवेदी ने नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का किया लोकार्पण
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel
