बरेली। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर संचालित सेवा संकल्प अभियान में लगे रक्तदान शिविर में कई जनप्रतिनिधियों/ अधिकारियों, बीजेपी नेताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिला अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल का भ्रमण कर भर्ती मरीजों को फल तथा बच्चों को चॉकलेट भी वितरित किए।
कलेक्ट्रेट परिसर में शाम को लेजर शो, दीप प्रज्वलन कार्यक्रम एवं चित्र प्रदर्शनी का शुभारम्भ भी हुआ ।
बरेली के 300 बेड रीजनल अस्पताल में रक्तदान शिविर में बीजेपी सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधायक मीरगंज डॉ डी. सी. वर्मा, विधायक कैंट संजीव अग्रवाल, सदस्य विधान परिषद बहोरन लाल मौर्य, सदस्य राज्य महिला आयोग पुष्पा पाण्डेय, प्रशांत पटेल, बरेली के मंडलायुक्त शंभू कुमार, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा लईक, सहित अन्य अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कई लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान भी किया।
इस रक्तदान शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को समय से सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित एवं मानक प्रक्रिया के अनुरूप रक्त संकलित किया गया। रक्तदान करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति- पत्र प्रदान कर उनके सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान जैसे जनहितकारी अभियानों से जुड़कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाने की अपील की। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिला अस्पताल एवं जिला महिला अस्पताल का भ्रमण कर भर्ती मरीजों को फल तथा बच्चों को चॉकलेट वितरित किए।
इस दौरान उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा मरीजों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा लईक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला महिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।