जौनपुर। जिले में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को मछलीशहर, खुटहन और सुरेरी थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। मछलीशहर पुलिस ने धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित आरोपित को पकड़ा, जबकि खुटहन पुलिस ने सोशल मीडिया पर भगवान राम और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं सुरेरी पुलिस ने मादक पदार्थ से संबंधित मामले में वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा।
मछलीशहर में धर्म परिवर्तन मामले का वांछित गिरफ्तार
मछलीशहर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 302/26 से संबंधित वांछित अभियुक्त अब्दुर कादिर उर्फ सैफ पुत्र मो. एकलाख उर्फ बाबू निवासी सेखाना (अलवियाना), थाना मछलीशहर को खाखोपुर बाजार से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 87 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है। चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपित को न्यायालय भेज दिया गया।
सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के आरोप में युवक गिरफ्तार
खुटहन पुलिस ने सोशल मीडिया पर भगवान राम और हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में विशुनपुर निवासी नीरज कुमार पुत्र नन्हेलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार शांति भंग की आशंका को देखते हुए उसके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान किया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, उप निरीक्षक रविप्रकाश सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
एनडीपीएस मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
सुरेरी पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मादक पदार्थ से संबंधित मुकदमे में वांछित आशीष कुमार यादव पुत्र स्वर्गीय भानू प्रताप यादव निवासी इस्मैला, थाना लाइन बाजार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 50/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई में उप निरीक्षक रामाशीष यादव सहित पुलिस टीम शामिल रही।

