खुटहन, जौनपुर। महिला और वृद्धा को झांसे में लेकर सोने की चेन लेकर फरार होने वाले टप्पेबाजी गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से 50 हजार रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपित अगस्त नोना पुत्र बरन्डी नोना, निवासी नगवा नारायणपुर, थाना कादीपुर कला, सुलतानपुर का है।
थाना अध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि गत 10 अगस्त को तिघरा तिराहे के पास एक महिला को झांसे में लेकर उसके गले से सोने की चेन ले जाने तथा 11 अगस्त को खुटहन के पुराने चौराहे के पास वृद्ध महिला को रिश्तेदार बताकर चेन की डिजाइन व नाप के बहाने टप्पेबाजी करने की घटनाओं का पुलिस ने अनावरण किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शेरपुर पुलिया के पास से आरोपित को गुरुवार को गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध खुटहन थाने में दर्ज दोनों मुकदमों से संबंधित 50 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपित को चालान न्यायालय भेज दिया।