एक अक्टूबर से शुरू होगा अभियान, डेंगू समेत वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम पर जोर
नया सवेरा नेटवर्क
जौनपुर। जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से संचारी रोगों की रोकथाम, नियंत्रण और जनजागरूकता के लिए व्यापक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अभियान की गतिविधियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 27 सितंबर तक कार्ययोजना स्वास्थ्य विभाग में उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील गांवों और मोहल्लों में विशेष रूप से निरोधात्मक गतिविधियां संचालित करने को कहा।
साफ-सफाई और जल निकासी पर जोर
पंचायती राज विभाग को रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों में झाड़ियों की कटाई, जल निकासी और साफ-सफाई कराने के साथ नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सभी वार्डों, मोहल्लों और स्कूलों में विशेष सफाई, फॉगिंग तथा एंटीलार्वा रसायन का छिड़काव कराने को कहा गया।
आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर भ्रमण के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षकों और प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शत-प्रतिशत आशा भ्रमण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। लक्षणयुक्त मरीजों की पहचान, संचारी रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा दवाओं, जांच किट और प्लेटलेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। डेंगू सहित अन्य वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए।
स्कूलों में भी चलेगा जागरूकता अभियान
स्कूलों और महाविद्यालयों में साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और विद्यार्थियों को संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने को कहा गया। विद्यार्थियों को पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने तथा मच्छरों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।
पशुपालकों को भी किया जाएगा जागरूक
पशुपालन विभाग को सभी शूकर पालकों को साफ-सफाई रखने, कीटनाशी रसायन का छिड़काव करने तथा शूकरों को खुले में न छोड़ने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अभियान के दौरान पिछली बार कम फीडबैक वाले ब्लॉकों में विशेष निगरानी रखने और सभी गतिविधियां शत-प्रतिशत पूरा कराने की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया।
जीपीएस फोटो सहित तैयार होगी रिपोर्ट
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान का उद्घाटन कराने और प्रत्येक गतिविधि की जीपीएस फोटो सहित रिपोर्ट तैयार कर संकलित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को अभियान से संबंधित गतिविधियों की नियमित मीडिया ब्रीफिंग कराने को भी कहा गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, अपर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी सुनील कुमार यादव, बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर कुमार, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार, डीपीओ आईसीडीएस ए.के. सिंह, सीवीओ डॉ. संजय कुमार, डीडीएजी आर.के. नायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें | Jaunpur News: पीडीए जनपंचायत में सामाजिक न्याय और आरक्षण पर हुआ संवाद
नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें और Join करें Naya Savera Network का WhatsApp Channel


,%20%E0%A4%A8%E0%A4%88%E0%A4%97%E0%A4%82%E0%A4%9C%20%E0%A4%A4%E0%A4%BF%E0%A4%B0%E0%A4%BE%E0%A4%B9%E0%A4%BE,%20%E0%A4%9C%E0%A5%8C%E0%A4%A8%E0%A4%AA%E0%A5%81%E0%A4%B0%20%20%E0%A4%AB%E0%A5%8B%E0%A4%A8%20%E0%A4%A80%207355%20358194,%2005452-356555.jpg)